परीक्षा परिणाम पाकर खिले परिषदीय विद्यालय के बच्चों के चेहरे, वार्षिक उत्सव में बांटे गए पुरस्कार

परीक्षा परिणाम पाकर खिले परिषदीय विद्यालय के बच्चों के चेहरे, वार्षिक उत्सव में बांटे गए पुरस्कार

 

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अम्बेडकर नगर जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर, शिक्षा क्षेत्र बसखारी में कक्षा 6, 7 एवं 8 के छात्र-छात्राओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक और संतोष की मुस्कान देखने लायक थी।

वार्षिक उत्सव एवं विविध खेल कार्यक्रमों के समापन के उपरांत विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीता मौर्य द्वारा बच्चों को उनके वर्षभर के शैक्षिक प्रदर्शन के आधार पर अंकपत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

सहायक अध्यापक ईश्वर चंद्र मौर्य ने छात्रों को आगे की शिक्षा हेतु कड़ी मेहनत करने और प्रतियोगी भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए ऐसे शिक्षण संस्थान का चयन करना चाहिए, जहां अनुशासन, संस्कार, कौशल विकास और समग्र शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता हो।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों को अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि परिषदीय विद्यालयों में निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ पाठ्य पुस्तकें, स्मार्ट क्लास, खेल सामग्री एवं नियमित परीक्षाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है।

विद्यालय में सहायक अध्यापक युसूफ द्वारा अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान एवं भूगोल की शिक्षा दी जाती है, जबकि विज्ञान एवं गणित विषयों को ईश्वर चंद्र मौर्य द्वारा प्रयोगात्मक विधियों और नवाचारों के माध्यम से पढ़ाया जाता है।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य—प्रधानाध्यापिका गीता मौर्य, सहायक अध्यापक ईश्वर चंद्र मौर्य, युसूफ, शाहीन बानो, रसोइया सत्यभामा, प्रेमवती, मालती तथा अभिभावक-प्रबंध समिति के अध्यक्ष देवी दिन मौर्य सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में अध्यक्ष देवी दीन मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।