राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
टांडा, अंबेडकर नगर क्षेत्र के कपूर गैस सर्विस से जुड़े उपभोक्ताओं ने गैस वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद कई लोगों को OTP ही प्राप्त नहीं हो रहा है, और जिनको OTP मिल भी रहा है, उन्हें 10 दिन बाद आने के लिए कहकर बार-बार एजेंसी के चक्कर लगवाए जा रहे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि सरकार के स्पष्ट निर्देश के बावजूद उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सुविधा नहीं दी जा रही है। उपभोक्ताओं को मजबूरन एजेंसी पर जाकर सिलेंडर लेने के लिए कहा जा रहा है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी और खर्च का सामना करना पड़ रहा है।
परेशान उपभोक्ताओं में नदीम अहमद, मो. अशरफ, आनंद कुमार, गयादीन सिंह सहित कई लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि कई बार एजेंसी पर जाने के बावजूद भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग (कालाबाजारी) की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि OTP मिलने के बाद सामान्यतः 2 से 3 दिन के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी हो जानी चाहिए, लेकिन यहां न तो समय पर सिलेंडर मिल रहा है और न ही घर तक डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।
इस मामले को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने संबंधित गैस कंपनियों से तत्काल हस्तक्षेप कर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही, उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से भी इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए आम जनता को राहत दिलाने की अपील की है।
You must be logged in to post a comment.