मियागंज में ‘स्कूल चलो अभियान’ शुरू, नामांकन बढ़ाने को जोर

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) उन्नाव विकासखण्ड मियागंज में नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ का शनिवार को शुभारम्भ किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना और उन्हें नियमित शिक्षा से जोड़ना है। प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से की,जिसका सीधा प्रसारण ब्लाक संसाधन केंद्र मियागंज सहित क्षेत्र के विद्यालयों में देखा गया।ब्लाक संसाधन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक बम्बा लाल दिवाकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पाण्डेय,खंड शिक्षा अधिकारी मनीन्द्र कुमार, ग्राम प्रधान मो. सलाम सहित कई जनप्रतिनिधि व अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। विधायक ने कहा कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित कर उन्हें प्रेरित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत केवल नामांकन ही नहीं,बल्कि बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर “सब पढ़ें, सब बढ़ें”और “पढ़ी-लिखी लड़की,रोशनी घर की” जैसे नारे लगाए। रैली गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी,जहां बच्चों ने अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।अभियान को सफल बनाने में ब्लाक संसाधन केंद्र के कर्मचारियों,शिक्षकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर