राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

हीरापुर, अंबेडकर नगर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से सत्र 2026-27 में 1 अप्रैल से चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के अंतिम दिन प्राथमिक विद्यालय रामपुर बेनीपुर, शिक्षा क्षेत्र बसखारी के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई।
यह प्रभात फेरी एआरपी प्रमोद विश्वकर्मा एवं रणविजय सिंह यादव तथा प्रधानाध्यापक दिनेश नारायण सिंह के नेतृत्व में ग्राम सभा रामपुर बेनीपुर में आयोजित की गई। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने “पढ़ी-लिखी नारी, घर की उजियारी”, “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “लड़का-लड़की एक समान, यही संकल्प यही अभियान”, “मत करो अज्ञानता की भूल, हर बच्चे को भेजो स्कूल”, “पापा हमें प्यार दो, पढ़ने का अधिकार दो” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए।
छात्र-छात्राओं के हाथों में इन नारों से संबंधित पट्टिकाएं भी थीं, जिससे ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यह प्रभात फेरी गांव की गलियों और पगडंडियों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर पहुंची।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत घर पहुंचने पर ग्राम प्रधान गंगेश कुमार पासवान ने प्रभात फेरी का स्वागत किया तथा ग्रामवासियों को अपने बच्चों का नामांकन प्राथमिक विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नए सत्र में बच्चों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं लागू करने का आश्वासन भी दिया।
प्रधानाध्यापक दिनेश नारायण सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष नवीन सत्र के प्रारंभ में विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षामित्र घर-घर जाकर अभिभावकों को नामांकन के लिए प्रेरित करते हैं। इस वर्ष भी इसी क्रम में अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें विकास खंड स्तर पर नियुक्त एआरपी का भी सहयोग मिल रहा है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक राजित राम, सुभाष, अनिल कुमार, मोनिका यादव, शिक्षामित्र शांति देवी, कुसुम लता देवी तथा ईसीसी एजुकेटर अनु सिंह ने प्रभात फेरी को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में प्रधानाध्यापक ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।