राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अंबेडकर नगर जनपद के कस्बा शहजादपुर स्थित अमरौला वार्ड में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी गिराने के दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जंग बहादुर के भट्टे पर मिट्टी डाली जा रही थी। चालक ने डंपर का डाला ऊपर उठाकर मिट्टी गिराई और गाड़ी आगे बढ़ाई। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। लाइन छूते ही तेज स्पार्किंग हुई और कुछ ही सेकंड में पूरा डंपर आग की लपटों में घिर गया।
डंपर चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी पास नहीं पहुंच सका। देखते ही देखते चालक जिंदा जल गया। मृतक की पहचान आलोक वर्मा पुत्र वीरेंद्र वर्मा निवासी चियूटीपारा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर प्रशासनिक व पुलिस टीम भी मौजूद थी। हादसे के बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन आग बुझाने से पहले ही चालक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिले हैं। मामले में भट्ठा मालिक जंग बहादुर और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।