राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

अम्बेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के जिले में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिला मुख्यालय स्थित पुरानी तहसील तिराहे पर चिलचिलाती धूप के बावजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे, ढोल-नगाड़ों, डीजे और जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
जिलाध्यक्ष ने सबसे पहले पुरानी तहसील स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए पटेल नगर पहुंचे, जहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। आगे बढ़ते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा के बाद कार्यकर्ताओं का काफिला भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन पहुंचा।
अटल भवन में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। सभागार में 51 और 21 किलो की फूलमालाओं से अभिनंदन किया गया तथा सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी हुआ।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठनात्मक कार्यों का प्रभावी संचालन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए अपने कार्यकाल में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता ने किया। स्वागत समारोह में बुलडोजर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा साधू, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।