राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकरनगर। विकासखंड जहांगीरगंज की ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर मासूम बच्चों की सुरक्षा के साथ कथित गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि 09 अप्रैल 2026 को संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर लगभग साढ़े चार वर्ष की बालिका रिमझिम को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया गया और केंद्र पर तैनात जिम्मेदार कर्मचारी वहां से चले गए।परिजनों के अनुसार बच्ची काफी देर तक कमरे में बंद रही। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो मामला उजागर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बच्ची को बाहर नहीं निकाला जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।मामला मीडिया और समाचार पत्रों तक पहुंचने के बाद विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन आरोप है कि अब तक किसी भी जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर प्रकरण संख्या 40017826016025 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय जहांगीरगंज द्वारा बिना निष्पक्ष जांच के शिकायत का निस्तारण कर दिया गया तथा वास्तविक तथ्यों को नजरअंदाज करते हुए दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने आंगनबाड़ी केंद्र पर लंबे समय से अनियमितताएं होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों को समय पर पोषण आहार नहीं मिलता, अभिलेखों में अनियमितताएं हैं तथा बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी से मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सहायिका तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर महिला आयोग, बाल संरक्षण आयोग एवं न्यायालय की शरण ली जाएगी।