उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। आज़मी शज़र और राग़िब शकील के संयोजन में आयोजित शम्सी समर कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिनभर चले मुकाबलों में शम्सी टाइटंस, शम्सी फाल्कन्स और शम्सी सुपर किंग्स ने शानदार जीत दर्ज की।
जेएमडी ग्राउंड पर खेले गए पहले मुकाबले में शम्सी टाइटंस ने शम्सी पैराडाइस को 53 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टाइटंस ने 20 ओवर में छह विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मोईन अहमद ने मात्र 32 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और आठ छक्के शामिल रहे। जवाब में पैराडाइस की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 167 रन ही बना सकी। मोईन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में शम्सी फाल्कन्स ने शम्सी रेंजर्स को पांच विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेंजर्स की टीम 16.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई। फाल्कन्स के गेंदबाज अफ्फान ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए फाल्कन्स ने 16.4 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शानदार गेंदबाजी के लिए अफ्फान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
दिन के तीसरे मुकाबले में शम्सी सुपर किंग्स ने शम्सी पावर हिटर्स को 53 रन से हराया। सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में पावर हिटर्स की पूरी टीम 16.4 ओवर में 152 रन पर ढेर हो गई। जिब्रान हसन ने 25 रन बनाने के साथ दो विकेट भी झटके और मैन ऑफ द मैच बने। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.