राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर
अम्बेडकरनगर। भारत की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विज्ञान भारती (विभा), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के मेधावी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानना एवं उन्हें शोध तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवध प्रांत के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र यादव एवं जयचंद की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया।कार्यक्रम में अवध प्रांत के प्रांत समन्वयक नीरज यादव तथा जिला समन्वयक डॉ. देवेंद्र प्रताप मिश्र भी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अधिकाधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।इस अवसर पर जनपद के समस्त विद्यालयों एवं विभिन्न शिक्षा बोर्डों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 संबंधी आधिकारिक पत्र जारी कर प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों के पंजीकरण हेतु अनुरोध किया गया।प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 11 तक के सभी बोर्डों के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से www.vvm.org.in पर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है तथा पंजीकरण शुल्क ₹200 रखा गया है। ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन नवंबर 2026 में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा, जबकि परीक्षा परिणाम 30 नवम्बर 2026 को घोषित किया जाएगा।प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 25 विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय शिविर तथा प्रत्येक राज्य से चयनित शीर्ष 12 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तरीय शिविर में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। राष्ट्रीय स्तर के शिविर में चयनित विद्यार्थियों को डीआरडीओ (DRDO), इसरो (ISRO), सीएसआईआर (CSIR) एवं भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं में प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप के विशेष अवसर प्रदान किए जाएंगे।इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः ₹25,000, ₹15,000 एवं ₹10,000 की पुरस्कार राशि, एक वर्ष की भास्कर छात्रवृत्ति तथा विशेष वैज्ञानिक परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।विज्ञान भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि, वैज्ञानिक सोच एवं अनुसंधान की भावना विकसित करने का एक राष्ट्रीय अभियान है। यह कार्यक्रम भारत के भावी वैज्ञानिकों, नवप्रवर्तकों एवं शोधकर्ताओं को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।जनपद के सभी विद्यालयों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थियों का पंजीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।
You must be logged in to post a comment.