सपनों को मिली उड़ान, नीट में जिले के टॉपर बने ओदरा निवासी शिवम वर्मा

मानवता की सेवा ही मेरा लक्ष्य— शिवम वर्मा

राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर

टाण्डा (अम्बेडकरनगर)। कड़ी मेहनत, अटूट आत्मविश्वास और सेवा के संकल्प के बल पर ग्राम पंचायत अमेदा निवासी शिवम वर्मा ने नीट (NEET) 2026 में 720 में से 640 अंक प्राप्त कर अम्बेडकरनगर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

शिवम वर्मा, संजय वर्मा और मंजू वर्मा के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता-पिता, गुरुजनों तथा परिवार के सदस्यों, विशेष रूप से बड़े भाई रणविजय वर्मा, राजन वर्मा और बहन के सहयोग को दिया। शिवम ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल डॉक्टर बनना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर मानवता की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि उनके पिता का सपना था कि वह डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करें और नीट में मिली यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बड़े भाई रणविजय वर्मा ने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग का परिणाम होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवम की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।शिवम ऐसे परिवार से आते हैं, जिसकी समाजसेवा और जनसहभागिता के क्षेत्र में पहचान रही है। उनकी माता मंजू वर्मा गृहिणी हैं, जबकि पिता संजय वर्मा भट्ठा एवं मिल व्यवसाय से जुड़े रहे हैं।

शिवम की इस उपलब्धि पर अम्बेडकरनगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं टाण्डा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कपिल देव वर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं शिवम की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और मन में सेवा का भाव हो, तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है। अब पूरे क्षेत्र को उस दिन का इंतजार है, जब शिवम सफेद कोट पहनकर मानव सेवा के अपने संकल्प को साकार करेंगे।

Leave a Reply