राष्ट्रीय दैनिक कर्म भूमि अंबेडकर नगर

अम्बेडकरनगर। जिले के कटेहरी ब्लॉक स्थित करमपुर ग्राम निवासी, भाजपा अम्बेडकरनगर के जिला उपाध्यक्ष एवं देव इंद्रावती ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंधक डॉ. राना रणधीर सिंह की पुत्री रम्या सिंह ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के 21वें दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए चार प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक अपने नाम किए।रम्या सिंह ने विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र एस-816, देव इंद्रावती पीजी कॉलेज, कटेहरी, अम्बेडकरनगर से बीएससी परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। उन्होंने विश्वविद्यालय की सभी स्नातक एवं परास्नातक शाखाओं के सफल विद्यार्थियों में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त कर कुलाधिपति स्वर्ण पदक अर्जित किया।दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की ओर से रम्या सिंह की माता डॉ. रंजना सिंह को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर रम्या सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक के साथ विज्ञान विद्या शाखा विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, बाबू ओमप्रकाश गुप्त स्मृति स्वर्ण पदक तथा डॉ. मुरलीधर तिवारी स्मृति स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया।इस उपलब्धि पर डॉ. राना रणधीर सिंह ने कहा कि रम्या बचपन से ही मेधावी, सरल एवं सौम्य स्वभाव की रही है। उसकी इस सफलता ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे अम्बेडकरनगर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।रम्या सिंह की इस ऐतिहासिक सफलता से देव इंद्रावती पीजी कॉलेज, कटेहरी के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.बी. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में चार प्रतिष्ठित स्वर्ण पदकों से सम्मानित होना महाविद्यालय और जनपद, दोनों के लिए गर्व का विषय है।इस अवसर पर सचिव राजेश सिंह, कार्यालय अधीक्षक धीरेन्द्र सिंह, डॉ. प्रशांत नमन, डॉ. साधना श्रीवास्तव, डॉ. बीरबल शर्मा, समन्वयक डॉ. बलकरन यादव, डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. अमित पाण्डेय, डॉ. प्रभाकर तिवारी, डॉ. आकाश श्रीवास्तव, यशवंत सिंह, अमरेंद्र सिंह, रमाकांत, राकेश चौहान, राजकुमार रस्तोगी सहित महाविद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने रम्या सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
You must be logged in to post a comment.