उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर चौबेपुर स्थित विन्यास पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को ऐसा नजारा देखने को मिला, जहां तालियों की गूंज के बीच नन्हे नेताओं ने विद्यालय की कमान संभाल ली। इन्वेस्टिचर समारोह में जैसे ही छात्र-छात्राओं ने बैज धारण किए, पूरे सभागार में उत्साह और गर्व का माहौल बन गया। शपथ लेते हुए छात्र परिषद के सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने और साथी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्या शयला वली ने स्कूल कैप्टन आशुतोष सिंह और अवनी शुक्ला को बैज पहनाकर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी। वाइस कैप्टन यशवंत यादव और नंदिनी वर्मा के साथ खेल, सांस्कृतिक, तकनीकी, साक्षरता और अनुशासन प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने भी शपथ लेकर अपने दायित्व स्वीकार किए। चारों सदनों के कैप्टन और उप-कैप्टन का परिचय भी कराया गया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल आगे चलना नहीं, बल्कि दूसरों को साथ लेकर आगे बढ़ना और अपने व्यवहार से उदाहरण प्रस्तुत करना है। विद्यालय के प्रबंधक वरुण कटियार ने कहा कि छात्र परिषद विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेगी तथा सकारात्मक माहौल को और मजबूत बनाएगी। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की नई ऊर्जा भर दी। विद्यालय परिसर देर तक तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर