बाईपास सर्वे शुरू, जाम से राहत की उम्मीद

 

राष्ट्रीय दैनिक कर्मभूमि अम्बेडकर नगर

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। नगर पालिका क्षेत्र में वर्षों से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। प्रस्तावित बाईपास मार्ग के निर्माण की दिशा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (DGPS) मशीन से सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है। इस पहल से क्षेत्रवासियों में बाईपास निर्माण को लेकर नई उम्मीद जागी है।जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित बाईपास का सर्वे गौरा कमाल क्षेत्र से शुरू होकर मगुराडीला होते हुए अकबरपुर–जलालपुर मार्ग, मालीपुर रोड तथा सुरहुरपुर–जलालपुर मार्ग को जोड़ने वाले संभावित रूट पर किया जा रहा है।बाईपास बनने के बाद भारी वाहनों को नगर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। इससे आम लोगों के साथ-साथ एम्बुलेंस, स्कूली बसों और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी सुगम होगी।स्थानीय निवासी विकास निषाद ने बताया कि जाम के कारण कई बार एम्बुलेंस और स्कूली बसें भी फंस जाती हैं, जिससे मरीजों और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।क्षेत्र के लोगों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता देने और बाईपास निर्माण की मांग को आगे बढ़ाने वाले जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।

Leave a Reply