उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। भारतीय रक्षक पार्टी (बीआरपी) के प्रतिनिधिमंडल ने पनकी स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। पार्टी पदाधिकारियों ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य, उनकी जरूरतों और वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।डॉ. कुलदीप मिश्रा ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष रुद्र सक्सेना ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए कहा कि पार्टी जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से समाज के हर वर्ग की समस्याओं को समझेगी और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान का प्रयास करेगी।
राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं। उनका अनुभव और मार्गदर्शन हमारी ताकत है। उन्हें सम्मान, सुरक्षा और अपनापन देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।वहीं, ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों के लिए प्रयासरत जिलाध्यक्ष अनुज पांडे ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और समाज के हाशिए पर रहने वाले वर्गों की समस्याओं में समान मानवीय संवेदनाएं जुड़ी हैं। दोनों ही सम्मान, अपनापन और स्वीकार्यता चाहते हैं। ऐसे में बिना भेदभाव के समावेशी माहौल तैयार करना जरूरी है।पार्टी ने कहा कि वह बुजुर्गों, ट्रांसजेंडर समुदाय समेत सभी जरूरतमंद और वंचित वर्गों की आवाज उठाती रहेगी। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों का हाल जानेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर
You must be logged in to post a comment.