उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) नई दिल्ली। डीडी न्यूज़ के वरिष्ठ राजनीतिक संवाददाता अमरेन्द्र गुप्ता को संसदीय पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘भारत सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। बुद्धांजलि रिसर्च फाउंडेशन की ओर से नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने अमरेन्द्र गुप्ता को निष्पक्ष और तथ्यपरक संसदीय पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया।
अमरेन्द्र गुप्ता पिछले करीब 24 वर्षों से टीवी पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और लंबे समय से संसद एवं राजनीतिक गतिविधियों की रिपोर्टिंग कर रहे हैं। डीडी न्यूज़ से पहले वह संसद टीवी, लोकसभा टीवी, एपीएन न्यूज़, न्यूज़ एक्सप्रेस, टीवी9, लहरें न्यूज़ और एसवन न्यूज़ सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पत्रकारिता के शुरुआती दौर में उन्होंने दैनिक जागरण में भी काम किया है। टीवी पत्रकारिता के साथ-साथ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में भी उनका लेखन लगातार जारी रहा है।
इस अवसर पर अमरेन्द्र गुप्ता के साथ संसदीय पत्रकारिता के लिए आज तक की वरिष्ठ पत्रकार मौसमी सिंह, एनडीटीवी के राजीव रंजन, एएनआई के निशांत केतु और पीटीआई के दीपक रंजन को भी सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता में खबरों को सच्चाई, सटीकता और तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इससे मीडिया और समाज के बीच विश्वास मजबूत होता है।
अमरेन्द्र गुप्ता को इससे पहले वर्ष 2025 में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ‘देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
समारोह में बुद्धांजलि रिसर्च फाउंडेशन के चेयरमैन कैलाश मासूम, लोकसभा सांसद विद्युत बरन महतो, लोकसभा सांसद अनूप प्रधान, राज्यसभा सांसद ताई तागाक, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य एवं पूर्व सांसद डॉ. अंजू बाला, मुंबई के वर्सोवा की पूर्व विधायक डॉ. भारती लावेकर, मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं अभिनेत्री शिवानी कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर विनोद दिक्षित मथुरा