उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर लक्ष्य पर नजर और निशाने में सटीकता के दम पर द चिनटल्स स्कूल, रतनलाल नगर के तीरंदाजों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। ला मार्टिनियर कॉलेज, लखनऊ में 18 और 19 अगस्त को हुई सीआईएससीई बोर्ड की राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने तीन रजत और दो कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।बालिका वर्ग में सियोना कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए। बालक वर्ग में सौरभ कुमार ने रजत पदक जीता। अयांश सिंह सचान और अमनदीप सिंह ने कांस्य पदक हासिल कर स्कूल की पदक तालिका में इजाफा किया।कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शहर के अन्य स्कूलों के खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। वीरेंद्र स्वरूप कैंट की अनविका अग्रवाल ने एक रजत और एक कांस्य, जबकि गोविंद नगर की इशानी मित्तल ने रजत पदक जीता। कनिष्क शुक्ला चौथे स्थान पर रहे। सेंट अलॉयसिस के अभिनव मिश्रा और श्रेष्ठ वर्मा ने भी रजत पदक हासिल किए।बालिका राष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 से 19 सितंबर तक आंध्र प्रदेश और बालक वर्ग की 23 से 25 सितंबर तक कोलकाता में होगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर द चिनटल्स स्कूल के चेयरपर्सन अनुराग विज, प्रधानाचार्या नंदिता और कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर