उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। कराटे के दांव-पेच में कानपुर मंडल की बेटियों ने दम दिखाते हुए प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर लिया। लखनऊ में 17 से 20 अगस्त तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता में कानपुर मंडल की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय ट्रॉफी अपने नाम की।
अंडर-19 के 52 किग्रा वर्ग में मान्या गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रभावित किया, जबकि रिया निषाद ने रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 में सानिया, पाखी सक्सेना और दीपली वर्मा ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। आराध्या सिंह ने रजत और गौरवी ने कांस्य पदक जीता। अंडर-14 में श्रद्धा यादव और श्रृष्टि ने रजत, जबकि विधि द्विवेदी ने कांस्य पदक हासिल किया।
बालक वर्ग में भी कानपुर के खिलाड़ियों ने पदक झटके। अक्ष और अविरल पाठक ने रजत, जबकि यश निगम, उज्ज्वल कश्यप और हिमांशु ने कांस्य पदक जीते।
टीम कोच अविचल पाठक के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। जनपद सचिव सत्य प्रकाश तिवारी और मंडल सचिव अनुराग मिश्रा ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर