हरियाली तीज महोत्सव में महिलाओं ने जीवंत की पुरानी परंपराएं

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) मथुरा भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति रजि. महिला प्रकोष्ठ द्वारा होटल हीरा इन्विटेशन में हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष रश्मि चतुर्वेदी एवं महानगर अध्यक्ष गुंजन जी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की जिला प्रभारी ज्योति चतुर्वेदी जी ने सभी व्यवस्थाओं पर पैनी नजर रखते हुए आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला प्रकोष्ठ की बहनों ने मिल-जुलकर भारतीय संस्कृति एवं पुरानी परंपराओं को जीवंत रखते हुए हरियाली तीज का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राम गोपाल शर्मा जी, राष्ट्रीय महामंत्री पंडित बंसीलाल शर्मा , महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती चारू शर्मा , उपाध्यक्ष विनोद दीक्षित जी, राष्ट्रीय सचिव गौरव कांत शर्मा जी एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा मधु शर्मा जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान परशुराम जी के चित्रपट पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। अतिथियों का भगवान परशुराम जी का चित्रपट भेंट कर एवं पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें मेहंदी, नृत्य, संगीत सहित अन्य प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर तीज के गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में पिंकी द्विवेदी, पूनम गौड़, कंचन चतुर्वेदी, रविता चतुर्वेदी, मंजू गौतम, महिमा बंसल, रीता चौधरी, नीतू शर्मा, ममता शर्मा, पिंकी शर्मा, डोली शर्मा, प्रतिभा उपाध्याय, आरती शर्मा, आभा शर्मा, भावना शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला प्रकोष्ठ की बहनें उपस्थित रहीं। सभी ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री पंडित बंसीलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और हमारी प्राचीन परंपराएं समाज को एकजुट रखने का कार्य करती हैं। हरियाली तीज जैसे पर्व महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं।

रिपोर्टर विनोद दिक्षित मथुरा

Leave a Reply