उमेश श्रीमाली संभालेंगे इतिहास लेखन की कमान

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) संभल  इतिहास संकलन समिति ने जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए उमेश श्रीमाली को जिला लेखक प्रमुख मनोनीत किया है। रविवार को सूरज प्लाजा में आयोजित जिला बैठक में बौद्धिक प्रमुख अतुल कुमार शर्मा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने प्रस्ताव का समर्थन किया। समिति के संरक्षक मंडल के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता ने उमेश श्रीमाली को जिला लेखक प्रमुख का दायित्व सौंपा।
जिम्मेदारी मिलने के बाद उमेश श्रीमाली ने कहा कि स्थानीय इतिहास के लेखन और संकलन को नई गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। समिति के प्रांतीय निर्देशों के अनुरूप क्षेत्र के इतिहास, महत्वपूर्ण घटनाओं और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों से जुड़ी जानकारियां जुटाकर उन्हें व्यवस्थित रूप से संजोने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा, समाज और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने का भी संकल्प लिया।
बैठक में वैभव गुप्ता और अंकुश त्यागी को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का पंकज सांख्यधर, अत्यंत त्यागी, रूप किशोर शर्मा, कमल शर्मा, नेहा मलय, ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, विकास कुमार वर्मा, सत्यवीर सिंह पाल, सुबोध पाल और दुर्वेश सैनी ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मनीष चौधरी ने की। संचालन जिला महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply