उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। पढ़ाई के साथ अब स्कूलों के खिलाड़ी ताकत के खेल में भी अपना दम दिखाएंगे। कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से एक अक्टूबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय, नवाबगंज में इंटर स्कूल बेंच प्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के यूथ और सब-जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।
एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि प्रतियोगिता के दिन सुबह सात बजे से खिलाड़ियों का पंजीकरण और वजन कराया जाएगा। पंजीकरण के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित पत्र और स्कूल आईडी कार्ड अनिवार्य होगा। वजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुकाबले शुरू होंगे।
खिलाड़ियों को अलग-अलग भार वर्गों में बेंच प्रेस में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करना होगा। प्रत्येक भार वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
प्रतियोगिता में विद्यालयों के बीच भी कड़ी चुनौती देखने को मिलेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को ओवरऑल चैंपियनशिप की प्रथम, द्वितीय और तृतीय ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा स्ट्रांग बॉय और स्ट्रांग गर्ल ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
यूथ वर्ग में बालक और बालिका के छह-छह, सब-जूनियर बालक के नौ और बालिका के आठ भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता की जानकारी विद्यालयों को सूचना पत्र और व्हाट्सऐप के जरिए दी जा रही है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर