उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में शहर के खिलाड़ी अब ताकत का इम्तिहान देंगे। कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ की ओर से मंडलीय क्लासिक एवं इक्यूप्ड बेंच प्रेस-डेडलिफ्ट चैंपियनशिप और प्रथम जिला इंटर स्कूल बेंच प्रेस-डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 17 और 18 अक्टूबर को स्वरूप नगर स्थित बाल निकुंज सदन में होगी। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्ग के खिलाड़ी अपनी ताकत आजमाएंगे।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता भी खुलेगा। 23 से 25 अक्टूबर तक गाजियाबाद में होने वाली उत्तर प्रदेश क्लासिक बेंच प्रेस चैंपियनशिप के लिए कानपुर टीम का चयन इसी प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। टीम में जगह बनाने के इच्छुक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेना अनिवार्य होगा।
इंटर स्कूल चैंपियनशिप में केवल विद्यालय के बोनाफाइड विद्यार्थी ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ी की पात्रता संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से सत्यापित करानी होगी। इस वर्ग में दमखम दिखाने वाले खिलाड़ियों के पास कानपुर की सब-जूनियर टीम में जगह बनाने का भी मौका रहेगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीकरण आयोजन स्थल पर ही किया जाएगा। संघ की ओर से खिलाड़ियों को समय से पहुंचकर पंजीकरण और पात्रता संबंधी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव संदीप निगम से संपर्क किया जा सकता है।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर