बेंच प्रेस में ऑक्सफोर्ड बना चैम्पियन

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में गुरुवार को बेंच प्रेस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ की ओर से आयोजित इंटर स्कूल प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने वजन उठाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन के दम पर ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर बालक वर्ग में सनातन धर्म स्कूल इंटर कॉलेज के पवन सेठ ने दमदार प्रदर्शन किया। इसी वर्ग के बालिका वर्ग में मेजबान विद्यालय की अदिति वर्मा बेस्ट लिफ्टर चुनी गईं। यूथ बालक वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय के आर्यन साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह पुरस्कार हासिल किया। यूथ बालिका वर्ग में ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की आराध्या शुक्ला बेस्ट लिफ्टर रहीं।

टीम प्रदर्शन में ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सर्वाधिक अंक जुटाकर पहला स्थान हासिल किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय नवाबगंज दूसरे और डीपीएस कल्याणपुर तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षकों और दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीनियर कोऑर्डिनेटर मंजीत सिंह और अभय सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अभ्यास और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया।

इस दौरान प्रतियोगिता सचिव सौरभ गौर, अनिल कुशवाहा, मो. जीशान, हरि ओम, तपस्या गौतम, हिमांशु निगम, सौरभ कुमार और हिमांशु कटियार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply