छठ पर छुट्टी की बहाली को सांसद-विधायक से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। छठ पूजा पर कानपुर में सार्वजनिक अवकाश की पुनः बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार को केंद्रीय छठ पूजा समिति और भोजपुरी महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष एवं भोजपुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के आवास पहुंचकर छठ पर्व पर पूर्व की तरह अवकाश घोषित कराने की मांग रखी। इसके बाद विधायक सुरेंद्र मैथानी को भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कानपुर में पूर्वांचल, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं, जिनके लिए छठ प्रमुख आस्था का पर्व है।
संतोष सिंह गहमरी ने कहा कि छठ केवल पूजा-पर्व नहीं, बल्कि सूर्य उपासना, प्रकृति और पारिवारिक आस्था से जुड़ा चार दिवसीय आयोजन है। इस दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष कठिन व्रत रखते हैं और घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में सार्वजनिक अवकाश रहने से श्रद्धालुओं को पर्व की तैयारियों और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन में सुविधा होगी।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मांग को शासन स्तर तक पहुंचाकर अवकाश की बहाली के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान बिल्लू सिंह, अभिमन्यु यादव, घनश्याम, श्यामू सिंह, अजय, करन, रितेश और सोनू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply