नन्हे हाथों ने उठाई झाड़ू, स्वच्छता का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मैनावती मार्ग के ख्यौरा स्थित उजियारी देवी मंदिर परिसर शुक्रवार को गांधी और शास्त्री के विचारों से सराबोर रहा। शिक्षा से वंचित बच्चों के लिए संचालित संस्कारशाला में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर बच्चों ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई का संदेश दिया। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने सत्य, सादगी और देशसेवा के विचारों को कागज पर उतारा।

‘सत्य और स्वच्छता’ विषय पर हुई प्रतियोगिता में बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके स्वच्छता संदेश को अपने शब्दों में अभिव्यक्त किया। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे को भी याद किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को सरस्वती शिशु मंदिर, दीनदयाल नगर के प्रबंधक नारायण त्रिपाठी और प्रधानाचार्या विजय श्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बच्चों को संबोधित करते हुए जगमोहन, रामकृष्ण गुप्ता और सुरेश तिवारी ने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों का भी हिस्सा है। उन्होंने बच्चों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में संस्कारशाला संचालक ददन मिश्रा, सचिव अरुण कुमार त्रिपाठी, शिक्षिका पुष्पा शुक्ला और गीता शुक्ला मौजूद रहीं।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply