उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) सीजन-2 में रविवार को तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर रोमांच बढ़ा दिया। वोक्सेल वैलिएंट्स ने फ्रेंड्स 11 यूसीएल को 148 रन से करारी शिकस्त दी। वहीं ऑरेंज आर्मी ने ए-टीम यूसीएल को तीन विकेट और वी वॉरियर्स ने एस्पिरिस यूसीएल को 14 रन से हराकर जीत दर्ज की।
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल मैदान पर वोक्सेल वैलिएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में नौ विकेट पर 241 रन बनाए। शौर्य त्रिपाठी ने 47 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन की तूफानी पारी खेली। राहुल कुमार ने 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स 11 की टीम 17.1 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। अनुप दीक्षित ने 3.1 ओवर में नौ रन देकर पांच विकेट झटके। डॉ. सचिन और अमित गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए।
राकेश मसाला मैदान पर ए-टीम यूसीएल 28.4 ओवर में 136 रन पर आउट हो गई। शशांक शेखर ने 34 और अमित एनजे ने 24 रन बनाए। देवेंद्र सिंह ने तीन विकेट लिए। जवाब में ऑरेंज आर्मी ने शारिल के 41 और सेयान के 33 रन की मदद से 28.4 ओवर में सात विकेट पर 138 रन बनाकर तीन विकेट से जीत दर्ज की। सत्यम 16 रन पर नाबाद रहे।
टीएसएच पालिका मैदान पर वी वॉरियर्स ने पांच विकेट पर 161 रन बनाए। रोहित धवन ने 47, महेंद्र सिंह चंदेल ने 31 और अमर पांडे ने 28 रन बनाए। जवाब में एस्पिरिस यूसीएल की टीम 25 ओवर में पांच विकेट पर 147 रन ही बना सकी। आसिफ अम्मार ने 53 रन बनाए। विनय चौबे ने दो विकेट लेकर वी वॉरियर्स की जीत में अहम भूमिका निभाई।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर