उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। ग्रीन पार्क में आयोजित बेबी ओलंपिक-2026 में मिनी वंडर्स प्रीस्कूल की नन्ही खिलाड़ी विहा ने पांच पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। तीन स्वर्ण और दो रजत पदक हासिल करने पर उन्हें रानी दुर्गावती पुरस्कार से सम्मानित किया गया।कानपुर ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विहा ने तीरंदाजी, पावरलिफ्टिंग और वॉल क्लाइंबिंग में स्वर्ण पदक जीते। वहीं, मिनी गोल्फ और जुंबा डांस में रजत पदक हासिल किए। अलग-अलग खेलों में पदक जीतकर विहा ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।
मिनी वंडर्स प्रीस्कूल की प्रधानाचार्या निष्ठा आनंद ने विहा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और लगन जरूरी हैं। उन्होंने विहा को आगे भी इसी उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या ने विहा को वर्ष 2036 के ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखने और उसे पूरा करने के लिए मेहनत करने की सीख दी। विद्यालय के शिक्षकों ने भी उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि विहा की सफलता अन्य बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर