उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। शम्सी प्रीमियर लीग सीजन-14 में रविवार को खेले गए पांच मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। पावर हिटर्स ने शम्सी नाइट राइडर्स को 96 रन से हराकर दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वहीं, राम रंजन की नाबाद 84 रन की पारी के दम पर शम्सी किंग वॉरियर्स ने पैंथर्स को चार विकेट से शिकस्त दी। शम्सी स्पोर्टिंग, फाल्कन्स और ब्लीड ब्लू ने भी अपने मुकाबले जीते।
पहले मैच में शम्सी थंडर स्टार्स ने खुर्शीद हसन खान के 64 रन की मदद से 139 रन बनाए। जवाब में शम्सी स्पोर्टिंग ने जज़िब ईमान की नाबाद 63 रन की पारी के दम पर छह विकेट पर 140 रन बनाकर चार विकेट से जीत हासिल की। जज़िब मैन ऑफ द मैच चुने गए।
दूसरे मैच में शम्सी फाल्कन्स ने नौ विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में शम्सी रेंजर्स की टीम 108 रन पर सिमट गई। इमरान अहमद ने चार विकेट लेकर फाल्कन्स को 46 रन से जीत दिलाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मुकाबले में शम्सी पैराडाइज ने नोमान काज़मी के 55 और अली अब्बास के 47 रन की बदौलत 199 रन बनाए। ब्लीड ब्लू ने इमरान इलाही के 43 और हैदर बेग के 37 रन की मदद से आठ विकेट पर 200 रन बनाकर दो विकेट से जीत दर्ज की। हैदर बेग मैन ऑफ द मैच रहे।
चौथे मैच में पावर हिटर्स ने शाहिद हुसैन के 51 और फ़ौज़ान हाशिम के 33 रन से 179 रन बनाए। जवाब में नाइट राइडर्स 83 रन पर ढेर हो गई। फ़ौज़ान ने चार विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
पांचवें मैच में पैंथर्स ने 201 रन बनाए। जवाब में किंग वॉरियर्स ने राम रंजन की नाबाद 84 रन की पारी से छह विकेट पर 203 रन बनाकर चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। राम रंजन मैन ऑफ द मैच रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर