उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मैनावती मार्ग स्थित ख्यौरा के उजियारी देवी मंदिर परिसर में सोमवार को संस्कारशाला के बच्चों के लिए निशुल्क दंत परीक्षण शिविर लगाया गया। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की कानपुर नगर शाखा की ओर से आयोजित शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. सुम्मी गर्ग ने बच्चों के दांतों की जांच की और उन्हें स्वस्थ रखने के तरीके बताए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से दांत साफ करने और सही तरीके से ब्रश करने की सलाह दी।
शिविर में बच्चों को दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया। जांच के बाद सभी बच्चों को टूथब्रश और दंतमंजन वितरित किए गए। सम्मेलन की ओर से बच्चों के लिए कपड़ों की व्यवस्था की गई। इसके अलावा फल, मिठाई, बिस्कुट, टॉफी और अन्य खाद्य सामग्री भी बांटी गई। उपहार और खाद्य सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
आयोजकों ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना जरूरी है। नियमित दंत परीक्षण और सही देखभाल से दांतों को स्वस्थ रखा जा सकता है। शिविर के माध्यम से बच्चों में साफ-सफाई की आदत विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में सम्मेलन की अध्यक्ष प्रेमलता सर्राफ, सचिव अनुराधा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीलम अग्रवाल, कविता अग्रवाल, मंजू जाखोडिया, गीता डालमिया, मंजू अग्रवाल, अल्का, माला निमानी, सुधा गुप्ता और डॉ. कमल किशोर गुप्ता मौजूद रहीं। संस्कारशाला के संचालक ददन मिश्रा, प्रबंधक श्रीप्रकाश श्रीवास्तव और शिक्षिका गीता शुक्ला ने सम्मेलन के पदाधिकारियों और डॉ. सुम्मी गर्ग का आभार जताया।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर