एशिया-पैसिफिक चैंपियनशिप में यूपी के बधिर खिलाड़ियों ने जीते छह पदक

उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। मलेशिया के पेनांग में आयोजित एशिया-पैसिफिक मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के बधिर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए। डीफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की ओर से चयनित खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दम दिखाकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

एथलेटिक्स में बरेली की रिदम शर्मा ने 400 मीटर दौड़ और चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं, बैडमिंटन में गोरखपुर के आदित्या यादव ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने एकल और युगल स्पर्धाओं में कांस्य पदक भी अपने नाम किए। इस तरह आदित्या ने तीन पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शतरंज में प्रयागराज के आशुतोष शुक्ला ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश की पदक तालिका में एक और स्वर्ण जोड़ा।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर डीफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महामंत्री सौरभ श्रीवास्तव ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने टीम के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिषेक बाजपेई के योगदान की भी सराहना की। सौरभ श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए ऑल इंडिया स्पोर्ट्स काउंसिल ऑफ द डेफ का आभार जताया।

संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर

Leave a Reply