उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय (दैनिक कर्मभूमि) कानपुर। दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर बोनस देने की मांग उठी है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री एवं कानपुर नगर के जिलाध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों तथा निगम और निकाय कर्मियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस देने की मांग की है।राजा भरत अवस्थी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने की घोषणा सराहनीय है। इसी तर्ज पर प्रदेश के करीब 16 लाख कर्मचारियों को भी बोनस दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारी दिन-रात प्रदेश के विकास, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व संग्रह में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। महंगाई के दौर में बोनस मिलने से कर्मचारियों के परिवारों की दीपावली खुशहाल होगी। इससे बाजार में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
परिषद ने बोनस की अधिकतम सीमा सात हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने, संविदा, आउटसोर्सिंग और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने तथा दीपावली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।श्री अवस्थी ने कहा कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री ने इसी दिन बोनस की घोषणा की थी। परिषद को उम्मीद है कि इस बार भी मुख्यमंत्री जल्द बोनस देने का निर्णय लेंगे।मांग का समर्थन करने वालों में इंजीनियर कोमल सिंह, रणधीर सिंह, अजय द्विवेदी, मंजुरानी कुशवाहा, सहाब सरताज, योगेंद्र सिंह, संजय मिश्रा, श्याम करण यादव, शरद मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, पवन प्रकाश पांडेय, धर्मेंद्र अवस्थी, अटल बिहारी पाल, आशुतोष दीक्षित, जितेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह और सुखेंद्र यादव सहित अन्य कर्मचारी नेता शामिल रहे।
संवाददाता आकाश चौधरी कानपुर